ब्रेकिंग न्यूज़

अमित शाह ने 21 राज्यों में UCC का किया ऐलान, JDU ने कहा- अभी कोई ड्राफ्ट सामने नहीं आया

गृह मंत्री अमित शाह ने साल 2029 से पहले सभी 21 NDA शासित राज्यों में UCC लागू करने का ऐलान किया है. अब इस पर बिहार से जनता दल यूनाइडेट ने बड़ा बयान दिया है.  JDU नेता  राजीव रंजन ने UCC को लेकर कहा, UCC के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा जल्द ही बातचीत करेंगे. इस संबंध में खुद उन्होंने यह जानकारी दी है.

जदयू के ही नीरज कुमार ने कहा, UCC को लेकर हमारी पार्टी का नज़रिया बिल्कुल साफ है. जब नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने लॉ कमीशन को एक चिट्ठी लिखी थी और वही चिट्ठी आज भी हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत है. उसमें साफ कहा गया है कि किसी भी समुदाय को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए. यह देश सबका है.

कुमार ने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने सभी को उनके अधिकार दिए हैं. हमें उम्मीद है कि किसी को भी बुरा नहीं लगेगा. अभी तक कोई ड्राफ्ट जारी नहीं हुआ है और न ही आधिकारिक तौर पर कुछ सामने आया है. किसी भी राज्य ने इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लिया है. इसलिए, हमारी पार्टी का रुख वही बना हुआ है.

जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोमवार को कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर वह जल्द ही गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे और इसके बाद पार्टी इस विषय पर अपना रुख तय करेगी. अमित शाह ने रविवार को कहा था कि BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की 21 राज्यों की सरकारें 2029 से पहले समान नागरिक संहिता लागू करेंगी.  झा ने इस विषय पर कहा कि वह जल्द ही गृह मंत्री से मुलाकात करेंगे और फिर पार्टी अपना रुख तय करेगी.

इस बीच, जद (यू) के विधायक श्याम रजक ने कहा कि बिहार में यूसीसी को लागू नहीं होने दिया जाएगा.  बिहार में भारतीय जनता पार्टी नीत NDA सरकार में जद(यू) दूसरा सबसे बड़ा घटक है. शाह ने रविवार को मुंबई में संवाददाताओं से कहा था, ‘तीन तलाक को समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं. हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है और मुझे विश्वास है कि BJP-NDA शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले यूसीसी लागू कर दिया जाएगा.’

Navdeep Kesari

Navdeep Kesari एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक देश-दुनिया, राज्य, स्थानीय क्षेत्र, राजनीति, समाज, शिक्षा, रोजगार, व्यापार, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ी खबरें तेज़ी और सरल भाषा में पहुँचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button